विधायक शिव अरोड़ा ने महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव महाराज के सानिध्य में किया गोपीनाथ मंदिर के भव्य प्रवेश द्वार का शिलान्यास
विधायक शिव अरोड़ा ने महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव महाराज के सानिध्य में किया गोपीनाथ मंदिर के भव्य प्रवेश द्वार का शिलान्यास
विधायक निधि से होगा प्रवेश द्वार का निर्माण, बोले शिव अरोड़ा – मंदिरों और देवालयों को भव्य स्वरूप देना मेरा संकल्प

रुद्रपुर। मॉडल कॉलोनी स्थित प्राचीन श्री गोपीनाथ मंदिर के भव्य प्रवेश द्वार निर्माण कार्य का शिलान्यास रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा ने महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव जी महाराज के पावन सानिध्य में विधिवत पूजा-अर्चना एवं नारियल फोड़कर किया। विधायक निधि से स्वीकृत इस निर्माण कार्य के शुभारंभ के अवसर पर मंदिर समिति के पदाधिकारी, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। धार्मिक वातावरण और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शिलान्यास कार्यक्रम संपन्न हुआ।
इस अवसर पर विधायक शिव अरोड़ा ने कहा कि यह उनके लिए अत्यंत सौभाग्य और गौरव का विषय है कि महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव महाराज की गरिमामयी उपस्थिति एवं आशीर्वाद के बीच उन्हें प्राचीन श्री गोपीनाथ मंदिर के भव्य प्रवेश द्वार का शिलान्यास करने का अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि गोपीनाथ मंदिर क्षेत्र का एक अत्यंत प्राचीन एवं आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर से क्षेत्र के लोगों की गहरी धार्मिक भावनाएं जुड़ी हुई हैं। मंदिर समिति के सदस्यों एवं स्थानीय श्रद्धालुओं द्वारा लंबे समय से मंदिर के लिए एक भव्य प्रवेश द्वार निर्माण की आवश्यकता रखी जा रही थी, जिसे गंभीरता से लेते हुए विधायक निधि से धनराशि स्वीकृत कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया गया है।
विधायक ने कहा कि मंदिर का प्रवेश द्वार केवल आने-जाने का मार्ग नहीं होता, बल्कि वह हमारी धार्मिक आस्था, संस्कृति और सनातन परंपराओं की पहचान भी होता है। जब श्रद्धालु किसी मंदिर में प्रवेश करते हैं तो मंदिर का भव्य स्वरूप और सुंदर प्रवेश द्वार उनके मन में श्रद्धा एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। इसी भावना के साथ उनका प्रयास रहता है कि विधानसभा क्षेत्र के मंदिरों, देवालयों एवं धार्मिक स्थलों को बेहतर सुविधाओं के साथ भव्य स्वरूप प्रदान किया जाए।
उन्होंने कहा कि रुद्रपुर विधानसभा में विकास कार्यों को लगातार गति देने के साथ-साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विधायक निधि के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों के साथ मंदिरों के सौंदर्यीकरण एवं धार्मिक स्थलों के विकास के कार्य भी कराए जा रहे हैं। हमारा प्रयास है कि आने वाली पीढ़ियां अपनी संस्कृति, परंपराओं और सनातन विरासत से जुड़ी रहें तथा धार्मिक स्थलों को एक सुंदर और व्यवस्थित स्वरूप मिल सके।
इस दौरान महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव जी महाराज ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम को आध्यात्मिक गरिमा प्रदान की। श्रद्धालुओं ने स्वामी जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर समिति के सदस्यों ने विधायक शिव अरोड़ा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से मंदिर के भव्य प्रवेश द्वार की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। विधायक द्वारा विधायक निधि से निर्माण कार्य स्वीकृत कराए जाने से मंदिर की सुंदरता और पहचान को नया स्वरूप मिलेगा। उन्होंने कहा कि मंदिर के विकास एवं धार्मिक कार्यों में जनप्रतिनिधियों का सहयोग समाज के लिए प्रेरणादायक है।
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों का विकास हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। शिलान्यास के उपरांत उपस्थित श्रद्धालुओं ने मंदिर के निर्माण कार्य के सफल एवं शीघ्र पूर्ण होने की कामना की।
इस अवसर पर विष्णु बंसल, ताराचंद अग्रवाल, आर.पी. शाह, बी.एल. शाह, रामकिशन खेड़ा, मोहन खेड़ा, लक्ष्मी देवी, मीना शर्मा, सुशील नय्यर, सुरेश गांधी एवं अंकुर बत्रा, सुनील यादव, नरेंद्र खेड़ा,मनोज मदान, सुनील सिंह, मयंक कक्कड़, मोहित चड्डा सहित मंदिर समिति के सदस्य एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Comments are closed.