खटीमा में अभय हत्याकांड का खुलासा, नशे के इंजेक्शन को लेकर दोस्त ने की हत्या


खटीमा में 20 वर्षीय अभय की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जिस युवक के लापता होने से परिजन परेशान थे, उसकी हत्या उसी के दोस्त ने कर दी थी। पुलिस के मुताबिक नशे के इंजेक्शन को लेकर हुए विवाद में आरोपी ने अभय की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को घटनास्थल से कुछ दूरी पर गटर में छिपा दिया। हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने मृतक का मोबाइल फोन भी अपने पास रख लिया था और बाद में परिजनों को यह कहकर लौटा दिया कि उसे मोबाइल पड़ा हुआ मिला था।मामला खटीमा के वार्ड नंबर 17 स्थित शिव कॉलोनी का है। जानकारी के मुताबिक, 7 नवंबर की रात करीब 9 बजे 20 वर्षीय अभय घर से निकला था, लेकिन अगले दिन तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद परिजनों ने 9 नवंबर को कोतवाली खटीमा पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराई। मामले की जांच में जुटी खटीमा पुलिस को मृतक के परिचित संजय गुप्ता पर शक हुआ। पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार संजय ने अभय की हत्या करने की बात स्वीकार करी। पुलिस के अनुसार दोनों पुराने दोस्त थे और नशे के आदी थे। 7 नवंबर की रात दोनों कॉलोनी के पीछे खाली मैदान में स्मैक का सेवन करने के लिए इंजेक्शन तैयार कर रहे थे। इसी दौरान इंजेक्शन को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी संजय ने पहले अभय का गला दबाया और फिर उसके लोअर के नाड़े से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने अभय के पास मौजूद करीब 2300 रुपये और मोबाइल फोन अपने पास रख लिए। इसके बाद शव को घटनास्थल से करीब 15 से 20 मीटर दूर एक गटर में फेंककर छिपा दिया। आरोपी ने पकड़े जाने के डर से अगले दिन मोबाइल फोन मृतक के बड़े भाई रवि को लौटा दिया। वहीं पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव, हत्या में इस्तेमाल किया गया नाड़ा और 600 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी संजय गुप्ता का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ खटीमा थाने में चोरी, बरामदगी और गैर इरादतन हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। इस पूरे मामले में एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में खटीमा पुलिस ने कार्यवाही करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्यवाही कर रही है।
Comments are closed.