जेसीबी से पुष्प वर्षा कर मुख्यमंत्री धामी का किया भव्य स्वागत – महापौर की ओर से पांच स्थानों पर की गई जेसीबी की व्यवस्था
जेसीबी से पुष्प वर्षा कर मुख्यमंत्री धामी का किया भव्य स्वागत
– महापौर की ओर से पांच स्थानों पर की गई जेसीबी की व्यवस्था

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के रुद्रपुर आगमन पर आयोजित ‘अराजकता हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ पदयात्रा के दौरान महापौर विकास शर्मा की ओर से मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए विशेष और आकर्षक इंतजाम किए गए थे। पदयात्रा के पूरे मार्ग पर मुख्यमंत्री के स्वागत को यादगार बनाने के लिए पांच अलग-अलग स्थानों पर जेसीबी के माध्यम से पुष्प वर्षा की विशेष व्यवस्था की गई थी। जैसे ही मुख्यमंत्री धामी का काफिला इन स्थानों से गुजरा, आसमान से बरसते फूलों के बीच उनका भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया।
गांधी पार्क से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से निकली पदयात्रा के दौरान जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। पदयात्रा के निर्धारित रूट पर पहले से तैनात जेसीबी पर सवार कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का काफिला पहुंचते ही फूलों की वर्षा शुरू कर दी। जेसीबी से एक साथ बरसते फूलों ने स्वागत के दृश्य को और भी आकर्षक बना दिया। इस अनूठी स्वागत व्यवस्था को देखने के लिए सड़क के दोनों ओर मौजूद लोगों में भी उत्सुकता दिखाई दी।
महापौर विकास शर्मा की ओर से की गई इस विशेष व्यवस्था के चलते जेसीबी पूरे आयोजन के दौरान लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। पदयात्रा के अलग-अलग पड़ावों पर हुई पुष्प वर्षा ने मुख्यमंत्री के स्वागत में चार चांद लगा दिए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी इस आत्मीय स्वागत से अभिभूत नजर आए।
Comments are closed.