रुद्रपुर में परिवहन विभाग का सघन चेकिंग अभियान, 738 चालान और 117 वाहन सीज
ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट और नशे में वाहन चलाने वालों पर कसा शिकंजा, दो दिन तक चला दिन-रात संयुक्त अभियान

रुद्रपुर, उधम सिंह नगर। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और अमूल्य मानव जीवन की सुरक्षा के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने 27 और 28 अक्टूबर 2026 को रुद्रपुर सहित ऊधम सिंह नगर क्षेत्र में दो दिवसीय सघन विशेष चेकिंग अभियान चलाया। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), हल्द्वानी के निर्देशन में पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के साथ संयुक्त रूप से चलाए गए इस अभियान में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान तेज रफ्तार, नशे में वाहन चलाने, ओवरलोडिंग, बिना हेलमेट और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर विशेष निगरानी रखी गई। विभागीय कार्रवाई के तहत कुल 738 चालान किए गए और 117 वाहनों को सीज किया गया।
तेज रफ्तार और बिना हेलमेट चलने वालों पर कार्रवाई
परिवहन विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार, निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने पर 201 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने पर 192 चालान किए गए। ओवरलोडिंग के मामलों में कुल 100 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई हुई, जिनमें 53 भार वाहन और 47 यात्री वाहन शामिल हैं।
इसके अलावा नशे की हालत में वाहन चलाने के 21 मामलों में अभियोग दर्ज किए गए। यातायात के अन्य नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई की गई।
कई प्रवर्तन दलों ने संभाली जिम्मेदारी
इस विशेष अभियान में रुद्रपुर, हल्द्वानी, काशीपुर, मझोला और सुतईया सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रवर्तन एवं सचल दलों ने भाग लिया। अभियान में नवीन सिंह, जितेन्द्र, प्रमोद कर्नाटक, पवन कुमार, आनन्द प्रकाश गुप्ता, गोविन्द सिंह, तारकेन्द्र वैष्णव, अनिल कुमार और सचिन कुमार सहित संबंधित प्रवर्तन अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्रवाई की।
नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी जारी रहेगा अभियान
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भविष्य में भी सघन चेकिंग और प्रवर्तन कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, दोपहिया वाहन पर हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने की अपील की है।
इसके साथ ही वाहन स्वामियों से क्षमता से अधिक भार या यात्री नहीं बैठाने, वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज दुरुस्त रखने और रिफ्लेक्टर टेप सहित सुरक्षा मानकों का पालन करने को कहा गया है।
परिवहन विभाग ने आम जनता से यातायात नियमों का जिम्मेदारी से पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सावधानी और अनुशासन से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाकर बहुमूल्य जीवन बचाए जा सकते हैं।
Comments are closed.