रुद्रपुर में युद्ध स्तर पर शुरू हुआ सड़कों को गड्ढामुक्त करने का अभियान  – खुद मोर्चे पर उतरे महापौर, 30 अक्टूबर तक चलेगा अभियान

5

रुद्रपुर में युद्ध स्तर पर शुरू हुआ सड़कों को गड्ढामुक्त करने का अभियान

– खुद मोर्चे पर उतरे महापौर, 30 अक्टूबर तक चलेगा अभियान

– कई सड़कों पर पेंचवर्क कार्य का शुभारंभ भी किया

– लोगों ने मिष्ठान वितरण कर खुशिया मनाई, महापौर का जताया आभार

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेशभर में सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रुद्रपुर में भी युद्ध स्तर पर काम शुरू हो गया है। शनिवार को महापौर विकास शर्मा खुद सड़कों पर उतरे और शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे पेंचवर्क कार्यों का निरीक्षण कर उनकी प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कई स्थानों पर नारियल फोड़कर पेंचवर्क कार्यों का शुभारंभ भी किया। बदहाल सड़कों की मरम्मत शुरू होने पर स्थानीय लोगों ने मिठाई बांटकर खुशी जताई और महापौर का आभार व्यक्त किया।

 

महापौर ने मुख्य बाजार, फुलसुंगा, फुलसुंगी और आदर्श कॉलोनी सहित विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर सड़कों की स्थिति देखी। उन्होंने संबंधित कार्यदायी एजेंसियों को निर्देश दिए कि मरम्मत के कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। अभियान का उद्देश्य केवल सड़क के गड्ढों को भरना नहीं, बल्कि आम नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है।

 

निरीक्षण के दौरान महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि 15 अक्टूबर से प्रदेश में सड़कों को गड्ढामुक्त करने का अभियान शुरू किया जाए। कुछ तकनीकी अड़चनों और बारिश के कारण पेंचवर्क के कार्यों में देरी हुई, लेकिन अब इन बाधाओं को दूर करते हुए काम तेजी से कराया जा रहा है। शहर में दो बड़े ठेकेदारों के माध्यम से पेंचवर्क कराया जा रहा है, ताकि निर्धारित समयसीमा में अधिक से अधिक सड़कों को दुरुस्त किया जा सके।

 

उन्होंने कहा कि आवास विकास, बाजार क्षेत्र, आदर्श कॉलोनी, भूरारानी, फुलसुंगा और फुलसुंगी समेत शहर के विभिन्न हिस्सों में अभियान चल रहा है। संबंधित क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति के अनुसार मरम्मत कराई जा रही है। कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और न ही केवल औपचारिकता पूरी करने के लिए गड्ढे भरने का काम किया जाएगा।

 

महापौर ने कहा कि सड़कों की मरम्मत इस तरह कराई जा रही है कि लोगों को काम का स्पष्ट अंतर दिखाई दे। पेंचवर्क केवल गड्ढों को ऊपर से भर देने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि मरम्मत टिकाऊ होनी चाहिए, जिससे लोगों को बार-बार उसी समस्या का सामना न करना पड़े। संबंधित ठेकेदारों को निर्देश दिए गए हैं कि काम में गुणवत्ता, निर्धारित प्रक्रिया और समयसीमा का पूरा ध्यान रखें।

 

उन्होंने कहा शहरवासियों को बेहतर सड़कें उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। हमारा प्रयास है कि रुद्रपुर की किसी भी सड़क पर गड्ढों के कारण लोगों को परेशानी न उठानी पड़े। बारिश और तकनीकी कारणों से जो काम प्रभावित हुआ था, उसे अब तेजी से पूरा कराया जा रहा है। अभियान के दौरान कार्यों की लगातार निगरानी की जाएगी। गुणवत्ता में लापरवाही या खानापूर्ति सामने आने पर संबंधितों की जवाबदेही तय की जाएगी।

 

महापौर ने शहरवासियों से भी अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर की सड़कें जनता की सुविधा के लिए हैं और इनके रखरखाव में नागरिकों की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है। जिन क्षेत्रों में पेंचवर्क हो रहा है, वहां के लोग स्वयं भी काम की गुणवत्ता पर नजर रखें। यदि कहीं मरम्मत ठीक ढंग से नहीं हो रही है या कोई गड्ढा छूट गया है, तो उसकी जानकारी नगर निगम तक पहुंचाएं।

 

महापौर ने कहा कि लोग संबंधित स्थान की तस्वीर व्हाट्सऐप के माध्यम से भी भेज सकते हैं, ताकि समस्या को चिह्नित कर उसके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकें। उन्होंने कहा कि जनता से मिलने वाली शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से लिया जाएगा। अभियान का मकसद तभी पूरा होगा, जब शहर के सभी प्रभावित मार्गों को दुरुस्त कर लोगों को राहत मिलेगी।

 

महापौर विकास शर्मा ने बताया कि सड़कों को गड्ढामुक्त करने का अभियान 30 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। इसके बाद जिन सड़कों का निर्माण हॉटमिक्स से किया जाना है, वहां निर्माण कार्य शुरू कराने की दिशा में कदम बढ़ाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पेंचवर्क और नई सड़कों के निर्माण की प्रक्रिया अलग-अलग है। जहां तत्काल मरम्मत की आवश्यकता है, वहां गड्ढे भरकर आवागमन सुगम बनाया जा रहा है, जबकि नई बनने वाली सड़कों के कार्य नियोजित तरीके से आगे बढ़ाए जाएंगे।

 

महापौर ने कहा कि नगर निगम की ओर से 11.50 करोड़ रुपये की लागत वाले 76 विकास कार्यों के टेंडर भी जारी किए जा चुके हैं। इन कार्यों को भी आगे बढ़ाया जाएगा, जिससे शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को गति मिलेगी।

 

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि रुद्रपुर को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक शहर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में रुद्रपुर में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। धामी सरकार में विकास की योजनाओं को रुकने नहीं दिया जाएगा। सड़क मरम्मत से लेकर नई सड़कों और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार तक, सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।

 

सड़कों को गड्ढामुक्त करने के अभियान को लेकर विभिन्न क्षेत्रों में स्थानीय लोगों ने खुशी जताई और महापौर का आभार भी व्यक्त किया। इस अवसर पर शेखर जुयाल, धीरू त्रिपाठी, मुकेश वशिष्ठ,अमन विर्क,गुरव जुयाल, पवन गावा पल्ली,अशोक विश्वाश,मीडिया संयोजक विजय तोमर,राजन राठौर,मण्डल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, पार्षद पवन राणा,पार्षद बीनू सिंह, बबलू भाई आदि समेत तमाम लोग मौजूद थे।

Comments are closed.