हरिदासपुर में विधायक शिव अरोरा ने दुर्गा पूजा महोत्सव का किया शुभारंभ, मां दुर्गा के चरणों में शीश नवाकर क्षेत्रवासियो के सुख-समृद्धि की कामना
हरिदासपुर में विधायक शिव अरोरा ने दुर्गा पूजा महोत्सव का किया शुभारंभ, मां दुर्गा के चरणों में शीश नवाकर क्षेत्रवासियो के सुख-समृद्धि की कामना

रुद्रपुर। हरिदासपुर में श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी द्वारा आयोजित भव्य दुर्गा पूजा महोत्सव का रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने मुख्य अतिथि के रूप में फीता काटकर शुभारंभ किया। इस दौरान विधायक ने भव्य एवं दिव्य रूप से सजाए गए दुर्गा पूजा पंडाल में पहुंचकर मां दुर्गा के चरणों में शीश नवाया और क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
महोत्सव में पहुंचकर विधायक शिव अरोरा ने कहा कि नवरात्रि के पावन पर्व पर रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र चारों ओर भक्तिमय वातावरण से सराबोर है। जगह-जगह प्रभु श्रीराम की रामलीलाओं, माता के जागरण और बंगाली समाज के लिए विशेष महत्व रखने वाले दुर्गा पूजा महोत्सव के भव्य आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हरिदासपुर में आयोजित दुर्गा पूजा महोत्सव में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। यहां सुसज्जित भव्य पंडाल, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां और हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति मां दुर्गा के प्रति लोगों की अटूट आस्था एवं इस महोत्सव के व्यापक महत्व को दर्शाती है।
विधायक ने कहा कि दुर्गा पूजा केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी सद्भाव, भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने मां दुर्गा से प्रार्थना की कि उनकी कृपा सभी पर बनी रहे और प्रत्येक परिवार सुख, समृद्धि, शांति एवं आनंदमय जीवन व्यतीत करे।
इस अवसर पर गदरपुर ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर, अनादखेड़ा प्रधान राजकुमार चौधरी, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष राजेश बजाज, मंडल अध्यक्ष जगदीश विश्वास, प्रीत ग्रोवर,नरेश तपाली, इंद्रपाल चौधरी,अजितेश पाइक, सुरजीत, मुकेश कुमार व दुर्गा पूजा कमेटी के पदाधिकारी, सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Comments are closed.