गुरु के रंग में रंगा रुद्रपुर, विधायक शिव अरोरा के स्टॉल पर नगर कीर्तन का पुष्पवर्षा से स्वागत, पंज प्यारों व गुरुद्वारा कमेटियों को किया गया सम्मानित
गुरु के रंग में रंगा रुद्रपुर, विधायक शिव अरोरा के स्टॉल पर नगर कीर्तन का पुष्पवर्षा से स्वागत, पंज प्यारों व गुरुद्वारा कमेटियों को किया गया सम्मानित
विधायक की धर्मपत्नी डॉ. सीमा अरोरा ने संभाली स्वागत की जिम्मेदारी, उत्तरांचल पंजाबी महासभा के पदाधिकारियों व भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने भी किया संगत का अभिनंदन

रुद्रपुर। श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रुद्रपुर नगर में निकाले गए भव्य नगर कीर्तन में पूरा शहर गुरु की भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगा नजर आया। नगर कीर्तन के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। वहीं विभिन्न स्थानों पर गतका अखाड़ों के हैरतअंगेज करतब आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे।
नगर कीर्तन के स्वागत के लिए रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा द्वारा लगाए गए स्टॉल पर विधायक परिवार, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं उत्तरांचल पंजाबी महासभा के पदाधिकारियों ने संगत का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान पंज प्यारों को नमन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया। साथ ही विभिन्न गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों के पदाधिकारियों एवं नगर कीर्तन में शामिल सेवादारों को सिरोपा एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
विधायक शिव अरोरा हरिद्वार में आयोजित भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रतिभाग करने के चलते नगर कीर्तन के दौरान स्वयं उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उनकी धर्मपत्नी डॉ. सीमा अरोरा ने मौके पर पहुंचकर पूरी जिम्मेदारी के साथ संगत का स्वागत-सत्कार किया। उन्होंने पंज प्यारों एवं गुरुद्वारा कमेटियों के पदाधिकारियों का सम्मान करते हुए सभी को गुरु पर्व की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने भी क्षेत्रवासियों को श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं संपूर्ण मानवता को सत्य, सेवा, समानता, प्रेम और भाईचारे का संदेश देती हैं। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को एकजुट रखने और मानव सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। नगर कीर्तन हमारी धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सिख समाज की गौरवशाली परंपराओं का प्रतीक है। उन्होंने नगर कीर्तन के सफल आयोजन के लिए गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों, सेवादारों एवं समस्त संगत का आभार व्यक्त किया।
वहीं उत्तरांचल पंजाबी महासभा के पदाधिकारियों ने भी नगर कीर्तन में शामिल संगत का पुष्पवर्षा एवं स्वागत कर अभिनंदन किया। पूरे आयोजन में श्रद्धा, उत्साह और भाईचारे का अद्भुत संगम देखने को मिला।
इस दौरान डॉ. सीमा अरोरा, ब्लॉक प्रमुख गदरपुर ज्योति ग्रोवर, पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा, प्रति ग्रोवर, उत्तरांचल पंजाबी महासभा के प्रदेश महामंत्री राजकुमार फूटेला, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश डाबर, कुमाऊं अध्यक्ष हरीश जल्होत्रा, कुमाऊं संगठन मंत्री प्रदीप अरोरा, जिला अध्यक्ष पंकज बांगा, पूर्व पार्षद सोनू अनेजा, पार्षद राजेश जग्गा, किरण विर्क, राजेश पप्पल, मनोज मदान, राजेश कामरा, मोहित कक्कड़, मोहित चड्ढा, मानव कक्कड़, विशु मक्कड़, विक्की घई, मयंक कक्कड़, सोनू वर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
Comments are closed.