छठ पूजा को लेकर नगर निगम ने शुरू की तैयारियां, घाटों पर दुरुस्त होंगी व्यवस्थाएं
– सफाई, स्वच्छ जल, चूना छिड़काव और आकर्षक लाइटिंग से सजेंगे छठ घाट
– महापौर ने अधिकारियों -कर्मचारियों को दिए निर्देश

रुद्रपुर। छठ पूजा को लेकर नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए शहर के सभी छठ घाटों पर साफ-सफाई, स्वच्छ जल और प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य जरूरी इंतजाम किए जाएंगे। नगर निगम की ओर से छठ घाटों को आकर्षक ढंग से सजाने के साथ ही वहां श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
महापौर विकास शर्मा ने बताया कि छठ पर्व पूर्वांचल समाज का प्रमुख और आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण त्योहार है। नगर निगम की ओर से प्रत्येक वर्ष सभी प्रमुख त्योहारों को उत्साह और बेहतर व्यवस्थाओं के साथ मनाने का प्रयास किया जाता है। पिछले वर्ष भी शहर के विभिन्न छठ घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाने के साथ सजावट, स्वच्छ पानी और सुंदर लाइटिंग की व्यवस्था की गई थी। इसी क्रम में इस वर्ष भी छठ पूजा को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
महापौर ने बताया कि पूर्वांचल समाज के वरिष्ठजनों के साथ उनकी बातचीत हुई है। उन्हें भरोसा दिलाया गया है कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी नगर निगम छठ घाटों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगा। घाटों की साफ-सफाई कराने के साथ वहां चूने का छिड़काव किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ जल की व्यवस्था की जाएगी और घाटों को आकर्षक लाइटिंग एवं सजावट से सुंदर स्वरूप दिया जाएगा। इसके अलावा नगर निगम के स्तर से जो भी अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं संभव होंगी, उन्हें भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
महापौर ने बताया कि नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को समय रहते तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने सभी पार्षदों से भी अपील की है कि वे अपने-अपने वार्डों में स्थित छठ घाटों की सूची तैयार कर नगर निगम को उपलब्ध कराएं, ताकि सभी घाटों की स्थिति का आकलन कर आवश्यक व्यवस्थाओं की समय से शुरुआत की जा सके।
महापौर ने कहा कि छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचकर सूर्यदेव को अर्घ्य देते हैं। ऐसे में घाटों पर स्वच्छता, पेयजल और रोशनी की समुचित व्यवस्था करना नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों को छठ पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए पर्व को श्रद्धा, उत्साह और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।
Comments are closed.