सरदार पटेल की जयंती पर पौड़ी पुलिस ने लिया राष्ट्रीय एकता का संकल्प-आईजी नीलेश आनंद भरणे ने किया पुलिस लाइन का निरीक्षण

2

सरदार पटेल की जयंती पर पौड़ी पुलिस ने लिया राष्ट्रीय एकता का संकल्प-आईजी नीलेश आनंद भरणे ने किया पुलिस लाइन का निरीक्षण

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। देश की एकता,अखंडता और संप्रभुता के प्रतीक लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार 31 अक्टूबर 2026 को जनपद पौड़ी पुलिस द्वारा राष्ट्रीय एकता दिवस पूरे उत्साह,गरिमा एवं राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस लाइन पौड़ी में भव्य परेड एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक,अपराध एवं कानून व्यवस्था नीलेश आनंद भरणे की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई। कार्यक्रम का शुभारंभ लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि देने के साथ हुआ। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान,दृढ़ इच्छाशक्ति,दूरदर्शी नेतृत्व और अदम्य राष्ट्रनिष्ठा का स्मरण किया। विशेष रूप से स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर भारत को एक मजबूत एवं अखंड राष्ट्र के रूप में स्थापित करने में उनकी ऐतिहासिक भूमिका को नमन किया गया। इस दौरान पुलिस महानिरीक्षक नीलेश आनंद भरणे की उपस्थिति में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ ग्रहण की। सभी ने राष्ट्र की एकता,अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने,देशवासियों के मध्य आपसी भाईचारे,सद्भाव और राष्ट्रीय एकजुटता की भावना को मजबूत करने तथा देश की आंतरिक सुरक्षा एवं सामाजिक समरसता के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया। राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह के उपरांत पुलिस महानिरीक्षक नीलेश आनंद भरणे ने पुलिस लाइन पौड़ी का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परिसर में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं,व्यवस्थाओं एवं विभागीय संसाधनों का जायजा लेते हुए उनकी स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं को और अधिक सुव्यवस्थित,सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके पश्चात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ सम्मेलन आयोजित किया गया,जिसमें पुलिस महानिरीक्षक ने कार्मिकों की समस्याओं,सुझावों एवं विभागीय विषयों पर विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पुलिस कर्मियों को अनुशासन,कर्तव्यनिष्ठा और पूर्ण जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की भूमिका केवल निर्धारित ड्यूटी तक सीमित नहीं है,बल्कि आमजन के बीच विश्वास कायम करना,उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहना और जनसेवा की भावना से कार्य करना भी पुलिस का महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने कार्यक्षमता,दक्षता एवं अनुशासन में निरंतर सुधार लाने के साथ पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता,जवाबदेही और सेवाभाव को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण आकर्षण उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस कार्मिकों का सम्मान रहा। गणतंत्र दिवस-2026 एवं स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर विशिष्ट कार्यों,सराहनीय सेवाओं एवं उत्कृष्ट कर्तव्यनिष्ठा के लिए पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क (गोल्ड एवं सिल्वर) से सम्मानित जनपद पौड़ी में नियुक्त पुलिस कार्मिकों को पुलिस महानिरीक्षक नीलेश आनंद भरणे ने प्रशस्ति डिस्क प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर सम्मानित पुलिस कर्मियों के समर्पण,कार्यकुशलता एवं विभाग के प्रति उनकी निष्ठा की सराहना की गई। साथ ही यह संदेश भी दिया गया कि कर्तव्य के प्रति समर्पण,अनुशासन और जनसेवा की भावना ही पुलिस विभाग की वास्तविक पहचान है। राष्ट्रीय एकता दिवस के इस आयोजन ने न केवल लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए ऐतिहासिक योगदान को स्मरण कराया,बल्कि पुलिस बल को राष्ट्र की एकता,अखंडता और आंतरिक सुरक्षा के प्रति अपने दायित्वों का नए संकल्प के साथ निर्वहन करने की प्रेरणा भी दी।

Comments are closed.