विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय जलवायु परिवर्तन जागरूकता बैठक आयोजित

रुद्रपुर, अमन संस्था द्वारा आज विकास भवन सभागार, रुद्रपुर में जिला स्तरीय जलवायु परिवर्तन जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य जलवायु परिवर्तन के बढ़ते प्रभावों, पर्यावरण संरक्षण तथा इससे निपटने के लिए सामूहिक प्रयासों को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, वन विभाग के अधिकारी, जैव विविधता परिषद के प्रतिनिधि, मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के प्रतिनिधि, चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रतिनिधि, वन स्टॉप सेंटर के केंद्र प्रशासक तथा राष्ट्रीय पोषण अभियान के समन्वयक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी श्री उमाशंकर नेगी ने PPT (प्रेजेंटेशन) के माध्यम से आपदा प्रबंधन एवं आपदाओं से बचाव के उपायों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक आपदाओं के दौरान किस प्रकार सावधानी बरतकर स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है। साथ ही आपदा आने से पहले की तैयारी, आपदा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों तथा आपदा के बाद किए जाने वाले आवश्यक कार्यों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
इसके अतिरिक्त, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी द्वारा सचेत (SACHET) एवं भू-देव (Bhu-Dev) मोबाइल एप के इंस्टॉलेशन एवं उपयोग के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि इन मोबाइल एप के माध्यम से आपदा संबंधी पूर्व चेतावनियों एवं सूचनाओं के प्रसार तथा आपदा प्रबंधन की कार्यवाही को अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिल सकती है। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं विभागीय प्रतिनिधियों से अपेक्षा की गई कि वे उक्त दोनों मोबाइल एप का अधिकाधिक प्रचार-प्रसार करते हुए अपने विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम जनमानस के मोबाइल फोन में एप इंस्टॉल करवाने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें।
इसके साथ ही विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों (NGO) के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में सहभागिता की। कार्यक्रम में अमन संस्था के निदेशक श्री रघु दत्त तिवारी, नीलिमा भट्ट, किशन मेहरा एवं डॉ. पुष्कर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जलवायु परिवर्तन के कारणों, उसके प्रभावों एवं स्थानीय स्तर पर आने वाली चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से जल संरक्षण, जैव विविधता का संरक्षण, वृक्षारोपण, जैविक खेती, स्वच्छ ऊर्जा, बायोगैस तथा पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया गया।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने विभागों के अनुभव एवं सुझाव साझा किए। इस बात पर जोर दिया गया कि जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए सरकारी विभागों, सामाजिक संस्थाओं और स्थानीय समुदाय के बीच आपसी समन्वय एवं सहयोग आवश्यक है।
अमन संस्था के निदेशक श्री रघु दत्त तिवारी ने जलवायु संरक्षण के लिए सामुदायिक भागीदारी के महत्व पर जोर दिया। बैठक में महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों को जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूक करने और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य सभी संबंधित विभागों एवं सामाजिक संगठनों को एक मंच पर लाकर जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता बढ़ाना, आपदा प्रबंधन के प्रति जन-जागरूकता विकसित करना तथा भविष्य में पर्यावरण संरक्षण एवं आपदा जोखिम न्यूनीकरण के लिए समन्वित रूप से ठोस प्रयास करना रहा।
Comments are closed.