रुद्रपुर में फिर डंपर ने बुझाया एक घर का चिराग! बाइक सवार प्रताप कोली की दर्दनाक मौत, पीछे छूटे पत्नी और तीन बच्चे; 11सो करोड़ की रिंग रोड पर संजय ठुकराल ने उठाए सवाल

3

रुद्रपुर में फिर डंपर ने बुझाया एक घर का चिराग! बाइक सवार प्रताप कोली की दर्दनाक मौत, पीछे छूटे पत्नी और तीन बच्चे; 11सो करोड़ की रिंग रोड पर संजय ठुकराल ने उठाए सवाल


रुद्रपुर की सड़कों पर आखिर आम आदमी की जिंदगी इतनी सस्ती क्यों होती जा रही है? आए दिन हो रहे सड़क हादसे और भारी वाहनों की बेलगाम आवाजाही अब लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। काशीपुर हाईवे पर नवोदय स्कूल के सामने मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में डंपर की चपेट में आने से 40 वर्षीय प्रताप कोली की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गया है।

जानकारी के अनुसार सुभाष कॉलोनी निवासी प्रताप कोली अपने मामा रामपाल के साथ बाइक से किसी काम से काशीपुर हाईवे की ओर जा रहे थे। दोनों रैक पर पल्लेदारी का काम करते थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक असंतुलित होकर गिर गई और प्रताप डंपर के पहिये के नीचे आ गए। इस दर्दनाक हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथ मौजूद मामा रामपाल भी हादसे से स्तब्ध रह गए।

मृतक की पहचान प्रताप कोली पुत्र गणेशी, उम्र लगभग 40 वर्ष, निवासी सुभाष कॉलोनी रुद्रपुर के रूप में हुई है। मूल रूप से रामपुर जिले के केमरी क्षेत्र के रहने वाले प्रताप का परिवार पिछले करीब 30 वर्षों से रुद्रपुर में रह रहा था। परिवार की आजीविका के लिए पल्लेदारी करने वाले प्रताप की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

हादसे की सूचना मिलते ही समाजसेवी संजय ठुकराल और सुशील गावा मौके पर पहुंचे। भारत सेवा टीम की एंबुलेंस की मदद से मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया गया। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

घटनास्थल पर पहुंचे समाजसेवी संजय ठुकराल ने शहर की यातायात व्यवस्था और भारी वाहनों की आवाजाही पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने सवाल किया कि जब रुद्रपुर में 11 सौ करोड़ रुपये की रिंग रोड परियोजना बनाई जा रही है, तो आखिर शहर की सड़कों पर रोजाना लोगों की जान क्यों जा रही है? उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी परियोजना का क्या फायदा, जब आम आदमी सुरक्षित सड़क पर चलने तक की गारंटी नहीं पा रहा है।

काशीपुर रोड की सर्विस लेन पर अतिक्रमण, भारी डंपरों की आवाजाही और बदहाल यातायात व्यवस्था लंबे समय से चिंता का विषय बनी हुई है। सवाल यह भी है कि क्या जिम्मेदार विभाग किसी बड़े हादसे के बाद ही जागेंगे? क्या सर्विस लेन को अतिक्रमण मुक्त कराने और भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने के लिए किसी और परिवार के उजड़ने का इंतजार किया जा रहा है?

प्रताप कोली की मौत केवल एक परिवार की निजी त्रासदी नहीं, बल्कि शहर की सड़क सुरक्षा व्यवस्था के सामने खड़ा गंभीर सवाल है। प्रशासन और यातायात पुलिस को अब हादसों के बाद कार्रवाई करने के बजाय पहले से प्रभावी कदम उठाने होंगे। सर्विस लेन से अतिक्रमण हटाने, भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने और दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम करने की जरूरत है।

आखिर कब तक सड़क हादसों के बाद श्रद्धांजलि और संवेदनाएं ही व्यक्त होती रहेंगी? कब आम आदमी की जान प्रशासन की प्राथमिकता बनेगी?

प्रताप कोली को भावभीनी श्रद्धांजलि। ईश्वर शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

Comments are closed.