बहला-फुसलाकर भगाने व एससी/एसटी एक्ट के मुकदमे में आरोपी विशाल शर्मा गिरफ्तार 

69

बहला-फुसलाकर भगाने व एससी/एसटी एक्ट के मुकदमे में आरोपी विशाल शर्मा गिरफ्तार

शाहजहाँपुर। सदर बाजार और पुवायाँ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बहला-फुसलाकर युवती को भगाने, दुष्कर्म, धोखाधड़ी, मारपीट, जातिसूचक टिप्पणी और जान से मारने की धमकी के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी मुखबिर की सूचना पर उसके पैतृक गांव से की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी पुवायाँ के पर्यवेक्षण में सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे संयुक्त पुलिस टीम ने ग्राम भूरखेड़ा निवासी विशाल शर्मा (24) को उसके घर से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, 20 जून को थाना सदर बाजार में एक पीड़िता की तहरीर पर विशाल शर्मा, अखिलेश शर्मा, नीरजा और करन शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि आरोपियों ने पीड़िता को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के बाद शारीरिक संबंध बनाए, धोखाधड़ी की, मारपीट की, जातिसूचक गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ एससी/एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। तभी से मुख्य आरोपी विशाल शर्मा फरार चल रहा था। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ थाना सदर बाजार और थाना पुवायाँ में मारपीट, धमकी, दहेज प्रतिषेध अधिनियम और अन्य गंभीर धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विशाल कुमार, उपनिरीक्षक अक्षय पवार, कांस्टेबल जरनैल सिंह, कांस्टेबल विशु तोमर, रिक्रूट कांस्टेबल मनोज कुमार, रिक्रूट कांस्टेबल अंकित पंवार तथा महिला रिक्रूट कांस्टेबल शीतल शामिल रहीं। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

Comments are closed.