गन्ने के ठेले से टकराई बाइक, पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल; बेटा आगरा रेफर
(रिपोर्ट -सुमित शर्मा)

पिनाहट । थाना बसई अरेला क्षेत्र के अंतर्गत रेलवे क्रॉसिंग के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। फतेहाबाद से दवा लेकर मोटरसाइकिल द्वारा घर लौट रहे पिता-पुत्र सड़क किनारे खड़े गन्ने का रस निकालने वाले ठेले से टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मोटरसाइकिल से उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से दोनों को अस्पताल भिजवाया गया, जहाँ से बेटे की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे आगरा रेफर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, एवरन (50 वर्ष) पुत्र गोलीराम, अपने पुत्र ब्रजकिशोर के साथ फतेहाबाद से दवा लेकर वापस अपने गाँव लौट रहे थे। जैसे ही उनकी मोटरसाइकिल बसई अरेला क्षेत्र में रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुँची, तभी अचानक सड़क किनारे खड़े गन्ने के जूस के ठेले से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सीएचसी से आगरा किया रेफर
दुर्घटना को देख स्थानीय राहगीर और ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घटना की सूचना एंबुलेंस को दी। मौके पर पहुँची एंबुलेंस के जरिए दोनों घायलों को तुरंत पिनाहट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान पुत्र ब्रजकिशोर की हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई थी। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें होने के कारण प्राथमिक डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए तुरंत आगरा हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
Comments are closed.